हज-2027 के लिए हज प्रशिक्षकों के ऑनलाइन आवेदन 11 अगस्त से

23 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन का मौका, 30 अगस्त को होगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा

गोरखपुर। हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा हज-2027 के हज यात्रियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए हज प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई है। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू होकर 23 अगस्त तक चलेगी। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

हज प्रशिक्षकों के चयन के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) 30 अगस्त को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 4 से 6 सितंबर तक होगा। चयनित प्रशिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण सितंबर के अंतिम सप्ताह में मुंबई में संभावित है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्रत्येक 150 हज आवेदकों पर एक प्रशिक्षक का चयन किया जाएगा। आवेदक की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट या समकक्ष होनी चाहिए। सूचना तकनीकी का ज्ञान रखने वाले स्नातक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में पांच अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। 7 अगस्त को आवेदक की आयु 25 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

प्रशिक्षक पद के लिए पिछले पांच वर्षों में हज किया होना आवश्यक है। इसके प्रमाण के रूप में वीजा, पासपोर्ट के संबंधित पृष्ठ अथवा हज कमेटी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। अभ्यर्थी को हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी और स्थानीय भाषा का ज्ञान, कंप्यूटर तथा हज सुविधा एप की जानकारी होना आवश्यक है। साथ ही हज के अरकान की जानकारी तथा भीड़ या समूह को संबोधित और नियंत्रित करने का अनुभव भी अपेक्षित है।

चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त संयुक्त अंकों की मेरिट के आधार पर होगा। सीबीटी में 50 प्रश्न होंगे और प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.50 अंक की कटौती की जाएगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार मौर्य ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।

Post Comment

You May Have Missed