×

मेहनत और लगन लाई रंग, 16 साल के आसिफ रजा ने पूरा किया हिफ्ज-ए-कुरआन

मेहनत और लगन लाई रंग, 16 साल के आसिफ रजा ने पूरा किया हिफ्ज-ए-कुरआन

कारी शरफुद्दीन मिस्बाही की निगरानी में हासिल की उपलब्धि, उलमा ने दी मुबारकबाद

गोरखपुर। शहर के जामिया नगर रसूलपुर निवासी 16 वर्षीय आसिफ रजा ने कुरआन-ए-पाक को मुकम्मल याद (हिफ्ज) कर अहम उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस कामयाबी से परिवार और रिश्तेदारों में खुशी का माहौल है। आसिफ ने मदरसा दारुल उलूम हुसैनिया, दीवान बाजार के शिक्षक कारी शरफुद्दीन मिस्बाही की निगरानी में हिफ्ज की तालीम पूरी की।

आसिफ रजा, इरशाद अहमद और शबनम खातून के बेटे हैं। कुरआन-ए-पाक को मुकम्मल याद करने के लिए नियमित अभ्यास, आयतों का लगातार दोहराव और एकाग्रता की जरूरत होती है। ऐसे में कम उम्र में इस मुकाम तक पहुंचना आसिफ की मेहनत और दीनी तालीम के प्रति उनकी लगन को दर्शाता है।

हाफिज रहमत अली निजामी ने आसिफ की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए इसे परिवार के लिए गौरवपूर्ण पल बताया। उन्होंने कहा कि कुरआन-ए-पाक को याद करना मेहनत, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम है। इसके लिए लगातार अभ्यास और शिक्षकों के मार्गदर्शन की अहम भूमिका होती है।

आसिफ रजा ने अपनी कामयाबी का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि इस सफर में कारी शरफुद्दीन मिस्बाही और हाफिज रहमत अली निजामी का विशेष सहयोग मिला। वहीं, इरशाद अहमद और शबनम खातून ने बेटे की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी दीनी और दुनियावी तालीम हासिल कर परिवार और समाज का नाम रोशन करेंगे।

मदरसे में भी आसिफ की कामयाबी पर प्रसन्नता जाहिर की गई। उलमा और मौजूद लोगों ने उनके बेहतर भविष्य, नेक रास्ते पर चलने और दीन की खिदमत करने की दुआ की। इस मौके पर हाफिज नजरे आलम, मुफ्ती अख्तर हुसैन, उस्मान अली, अब्दुल खालिक, साजिद अली, जाहिद अली, मुहम्मद अली, अफ्फान, हाफिज रहमत अली निजामी, नवेद आलम, कारी मुहम्मद अनस नक्शबंदी, हाजी फैज खान और ताहिर समेत अन्य लोगों ने आसिफ रजा को मुबारकबाद दी।

लोगों ने उम्मीद जताई कि आसिफ आगे भी अपनी तालीम जारी रखते हुए इल्म और अच्छे अखलाक के जरिए समाज में सकारात्मक योगदान देंगे।

Post Comment