×

एआईएमआईएम की समीक्षा बैठक में संगठन मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन

एआईएमआईएम की समीक्षा बैठक में संगठन मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन

अहमदुल्लाह बने पूर्वांचल महासचिव, वजीउल्लाह अंसारी को मिली पूर्वांचल सचिव की जिम्मेदारी

गोरखपुर। एआईएमआईएम गोरखपुर इकाई की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक यूथ जिलाध्यक्ष सिराज अहमद खान के कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

बैठक के मुख्य अतिथि एआईएमआईएम पूर्वांचल अध्यक्ष इसरार अहमद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्वांचल उपाध्यक्ष मुन्ना अंसारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन एआईएमआईएम गोरखपुर के मीडिया प्रभारी कारी गुलाम जिलानी अशरफी ने किया। बैठक की अध्यक्षता यूथ जिलाध्यक्ष सिराज अहमद खान ने की।

इस दौरान पूर्वांचल अध्यक्ष इसरार अहमद की ओर से संगठन में पदोन्नति की घोषणा भी की गई। वर्तमान जिला अध्यक्ष अहमदुल्लाह को पदोन्नत कर पूर्वांचल महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि पूर्व जिला अध्यक्ष वजीउल्लाह अंसारी को पूर्वांचल सचिव नियुक्त किया गया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्वांचल अध्यक्ष इसरार अहमद ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारियों के साथ-साथ संगठन को बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ जनता के बीच सक्रिय रहने और पार्टी की नीतियों एवं विचारों को लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती उसके सक्रिय कार्यकर्ताओं से होती है। इसलिए कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार के साथ-साथ जनसमस्याओं को समझने और उन्हें उचित मंच तक पहुंचाने के लिए लगातार सक्रिय रहना चाहिए। बैठक में आगामी दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में पूर्वांचल सचिव सहमद अली, जिला महासचिव शमीम खान, जिला महासचिव मुनव्वर हुसैन, महानगर अध्यक्ष कैश अंसारी, शमसुद्दीन खान, अधिवक्ता सूरज विद्यार्थी, अधिवक्ता नायाब खान, साजिद खान, असलम खान, मोहम्मद समीर, रेहान खान, साहिल, मोहम्मद दिलशाद समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के अंत में पार्टी संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

Post Comment