अमन और मोहब्बत के पैग़ाम को आगे बढ़ाने वाले 260 मुतवल्लियों का सम्मान
मोहर्रम के जुलूसों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में मुतवल्लियों की भूमिका सराहनीय : वक्ता
गोरखपुर। अमन, भाईचारे और मोहब्बत के पैगाम को मजबूत करने के उद्देश्य से गोरखपुर इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी के तत्वावधान में ‘पैगाम-ए-मोहब्बत’ के समर्थक मुतवल्लियों का सम्मान समारोह रविवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज, बक्शीपुर स्थित अमन हाल में आयोजित किया गया। समारोह में मोहर्रम के जुलूसों को शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 260 मुतवल्लियों को अंगवस्त्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी के अध्यक्ष सैयद इरशाद अहमद ने की, जबकि संचालन डॉ. दिलशाद गोरखपुरी ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कारी जमील अहमद मिस्बाही ने कलाम-ए-पाक की तिलावत से किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि गोरखपुर में मोहर्रम के त्योहार और जुलूसों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में मुतवल्लियों की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अमन और मोहब्बत से नफरत को मिटाया जा सकता है और समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।
कमेटी के अध्यक्ष सैयद इरशाद अहमद ने कहा कि लगभग 260 मुतवल्लियों को सम्मानित कर उन सभी लोगों को प्रोत्साहित किया गया है, जिन्होंने अमन और शांति के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने मोहर्रम के जुलूसों को शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न कराने में अपना योगदान दिया, वही इस सम्मान के असली हकदार हैं। उन्होंने मोहर्रम के दौरान सहयोग के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया।
कमेटी के महासचिव हाजी सोहराब खान ने कहा कि अमन और शांति चाहने वालों का स्वागत और सम्मान करना कमेटी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज में मोहब्बत और भाईचारे का माहौल कायम रखने के लिए सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
मुख्य अतिथि मुफ्ती मोतिउर रहमान ने कहा कि अमन और शांति से ही देश तरक्की करेगा। इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी द्वारा अमन-शांति के लिए किए जा रहे कार्यों की जितनी सराहना की जाए, कम है। उन्होंने मोहर्रम के जुलूसों में अनुशासन और शांति बनाए रखने में कमेटी की भूमिका की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. सौरव पांडेय, धरा धाम प्रमुख तथा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जसपाल सिंह ने सफल आयोजन के लिए इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने के लिए होने वाले ऐसे आयोजनों में उनका पूरा सहयोग रहेगा।
समारोह में प्रमुख रूप से समाजसेवी अचित्य लहरी, राकेश यादव, शकील शाही, अशफाक मकरानी, पार्षद दिलशाद रानी, आफताब अहमद, कबीर अली, डॉ. एहसान, मोहम्मद अनीस एडवोकेट, गुलाम अली खान, आकिब अंसारी, डॉ. जावेद हामिद अंसारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
सम्मानित होने वालों में इमामुद्दीन, महफूज अंसारी, रियाज खान, मोहम्मद सलीम, नासिर अली, अब्दुल वहाब खान, सफीक अहमद, चांद खान, दिलशाद अहमद, निजामुद्दीन, नवाबुल हसन, मोहर्रम अली, अजहर आलम, वकील अहमद, राजू मुतवल्ली, अहमद अली, अहमद हुसैन, आफताब आलम, समीर अंसारी, इजराइल अली, शकील खान, कैश अख्तर, रेहान अली, शमीम अहमद, जमील अंसारी, तैयब अली, शलीम अहमद, एखलाख अहमद, महफूज आलम सहित कुल 260 मुतवल्लियों को सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान अमन, भाईचारे और मोहब्बत का संदेश देते हुए कहा गया—
“सम्मान उनका, जो मोहब्बत के रास्ते पर चलते हैं।
अमन, प्यार और मोहब्बत से नफरत मिटाई जा सकती है।
इस तरह से अमन को पाला हमने,
आग में घी न डाला हमने।
इज्जत और सम्मान उनका, अमन का काम है जिनका।”




Post Comment