×

शिक्षा, विज्ञान और सीरत का संगम बनेगा एमएसआई इंटर कॉलेज का पांच दिवसीय महोत्सव

शिक्षा, विज्ञान और सीरत का संगम बनेगा एमएसआई इंटर कॉलेज का पांच दिवसीय महोत्सव

29 नवंबर से शुरू होगा लिट फेस्ट-2026 और जलसा-ए-सीरतुन्नबी, प्रदेशभर के विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा

समीर सिद्दीकी और मौलाना मसूद अहमद बरकाती होंगे मुख्य अतिथि

गोरखपुर। बक्शीपुर स्थित मियां साहब इस्लामिया (एमएसआई) इंटर कॉलेज में 29 नवंबर से पांच दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव एवं जलसा-ए-सीरतुन्नबी का आयोजन किया जाएगा। तीन दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में लिट फेस्ट-2026 (Lit Fest 2026), दीनी-तालीमी नुमाइश और विभिन्न शैक्षिक, धार्मिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के विद्यालयों, मदरसों, प्राइमरी स्कूलों और मकतबों के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

शुक्रवार को कॉलेज की लाइब्रेरी में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रबंधक महबूब सईद हारिस, प्रधानाचार्य मुख्तार अहमद और जलसा संयोजक रिजवानुल हक ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा, विज्ञान, धार्मिक ज्ञान और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।

आयोजन के तहत विज्ञान प्रश्नोत्तरी, साइंटिफिक मॉडल प्रदर्शनी, ड्राइंग, पेंटिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं धार्मिक श्रेणी में कुरआन पाक की किरात, नात, उर्दू तकरीर और इस्लामिक क्विज के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिताओं में बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, वाराणसी, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, मऊ, आजमगढ़, अलीगढ़ और लखनऊ समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।

विज्ञान प्रतियोगिताओं से होगा महोत्सव का आगाज

29 नवंबर को सुबह नौ बजे विज्ञान प्रश्नोत्तरी की लिखित परीक्षा, दस बजे चित्रकला प्रतियोगिता और विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी आयोजित होगी। 30 नवंबर को सुबह आठ बजे मंच पर विज्ञान प्रश्नोत्तरी का पिक-ए-स्लिप राउंड और नौ बजे वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी। इसी दिन दोपहर तीन बजे शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों और विभिन्न कॉलेजों के प्रधानाचार्यों की मौजूदगी में पुरस्कार वितरण समारोह तथा कॉलेज की नवनिर्मित प्रयोगशालाओं का उद्घाटन किया जाएगा।

एक दिसंबर को होगा जलसा-ए-सीरतुन्नबी का उद्घाटन

एक दिसंबर को मुख्य कार्यक्रम जलसा-ए-सीरतुन्नबी सल्लल्लाहु तआला अलैहि व आलिही वसल्लम का उद्घाटन होगा। इस दिन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर एवं आईएएस ट्रेनर समीर सिद्दीकी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दोपहर दो बजे कॉलेज के ऑडिटोरियम में वह विद्यार्थियों और अभिभावकों को प्रेरणादायक संबोधन देंगे। शाम 5:30 बजे दीनी-तालीमी नुमाइश का उद्घाटन, कॉलेज की वार्षिक पत्रिका ‘परवाज-26’ का विमोचन और सीरतुन्नबी विषय पर उनका विशेष संबोधन होगा। इसी अवसर पर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

किरात, नात, तकरीर और इस्लामिक क्विज के होंगे मुकाबले

दो दिसंबर को सुबह आठ बजे अनुवाद के साथ कुरआन पाक की किरात, दस बजे उर्दू तकरीर, दोपहर दो बजे इस्लामिक क्विज और शाम चार बजे नात प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके बाद शाम सात बजे राज्य स्तरीय नात प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मकतब और स्कूल के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग समूह बनाए गए हैं, ताकि उन्हें अपनी श्रेणी के अनुसार प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।

तीन दिसंबर को भी सुबह आठ बजे अनुवाद के साथ कुरआन पाक की किरात, दस बजे उर्दू तकरीर और दोपहर दो बजे इस्लामिक क्विज प्रतियोगिता होगी। शाम 5:30 बजे समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर अल जामियातुल अशरफिया, मुबारकपुर, आजमगढ़ के वरिष्ठ शिक्षक मौलाना मसूद अहमद बरकाती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वह सीरतुन्नबी विषय पर आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि पांच दिवसीय महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान, शिक्षा, साहित्य, धार्मिक ज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्हें उम्मीद है कि यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Post Comment