15 अगस्त से पहले शहीद सरदार अली खान के समाधि स्थल के सुंदरीकरण की उठी मांग
गोरखपुर, 6 अगस्त। हिंदू मुस्लिम एकता कमेटी के तत्वावधान में गुरुवार को अध्यक्ष शाकिर अली सलमानी के नेतृत्व में महापौर गोरखपुर को ज्ञापन सौंपकर 1857 की क्रांति के अमर सेनानी शहीद सरदार अली खान के समाधि स्थल (कोतवाली परिसर) के सुंदरीकरण की मांग की गई।

समिति ने मांग की कि स्वतंत्रता दिवस से पूर्व परिसर की साफ-सफाई, बाउंड्री वॉल का निर्माण एवं मरम्मत, नया प्रवेश द्वार, छह पत्थर की बेंच तथा भूमि का समतलीकरण कराया जाए, ताकि श्रद्धांजलि देने आने वाले लोगों को सुविधा मिल सके।
शाकिर अली सलमानी ने कहा कि शहीद सरदार अली खान ने देश की आजादी के लिए अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए थे। उनका समाधि स्थल आज भी उनकी वीरगाथा का साक्षी है, लेकिन वहां सुंदरीकरण की अत्यंत आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को यहां ध्वजारोहण और राष्ट्रगान का कार्यक्रम आयोजित होता है, इसलिए उससे पहले सभी कार्य पूरे कराए जाने चाहिए।
हिंदू मुस्लिम एकता कमेटी के महासचिव विजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि नगर निगम का दायित्व है कि शहीद सरदार अली खान की स्मृति को संरक्षित किया जाए। उन्होंने बताया कि सरदार अली खान 1857 की क्रांति में बाबू बंधू सिंह के साथ अंग्रेजों के विरुद्ध लड़े थे।

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनता दल के प्रदेश महासचिव गौतम लाल श्रीवास्तव ने कहा कि बाबू बंधू सिंह और सरदार अली खान की शहादत देश की एकता और बलिदान का प्रतीक है। वहीं, इमामबाड़ा मुतावल्लियान कमेटी के अध्यक्ष सैयद इरशाद अहमद तथा समाजसेवी महेंद्र सिंह राणा ने पश्चिम दिशा की टूटी बाउंड्री वॉल का शीघ्र निर्माण कराने और पूरे परिसर का सुंदरीकरण कराने की मांग की, ताकि युवा पीढ़ी देशभक्ति की प्रेरणा प्राप्त कर सके।
ज्ञापन के दौरान मुख्तार अली खान, महेंद्र सिंह राणा, कबीर अली, सिराज खान, अयान खान, अरशद अली सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




Post Comment