नन्हे कलाकारों की मेहनत को मिला सम्मान, विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र
आर्ट प्रतियोगिता 2026 में बच्चों ने दिखाई हुनर की शानदार झलक
गोरखपुर। बच्चों में छिपी रचनात्मक प्रतिभा को पहचानने, कला के प्रति रुचि विकसित करने और उनमें आत्मविश्वास एवं सृजनात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डॉ. इक़बाल एजुकेशनल एंड रिसर्च फाउंडेशन एवं यूथ स्ट्रेंथ सोसाइटी, गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आर्ट प्रतियोगिता 2026 का पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को आइडियल मैरिज हॉल, ऊंचवा, अबू बाजार में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अल्हम्द उमरा टूर एंड ट्रेवल्स एवं अलहम्द डेट्स के स्वामी जकी अहमद और अयाज अहमद रहे। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन में विशेष सहयोग प्रदान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर देने के लिए ऐसे आयोजनों की बेहद आवश्यकता है। कला बच्चों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
समारोह में एडवोकेट वसीउद्दीन खान, सिविल कोर्ट गोरखपुर, डॉ. एहसान अहमद, कलीमुल हक, पूर्वांचल दस्तक, मुख्तार अहमद, प्रिंसिपल एम.एस.आई. इंटर कॉलेज तथा कार्यक्रम की एंकर शाहीन शेख विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
अतिथियों के रूप में मोहम्मद आकिब अंसारी, एम.ए. एकेडमी, महमूद आसिफ व शिरीन आसिफ, अल इसलाह एकेडमी, मुजीब अहमद, चौधरी पब्लिक स्कूल, बिल्कीस अजहरी बानो, मौलाना आजाद गर्ल्स इंटर कॉलेज तथा एडवोकेट खुर्शीद अहमद, एम.ए. एजुकेशनल एकेडमी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अबुजर मोहसिन के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित रखने के बजाय उनकी कला और रचनात्मक प्रतिभा को पहचानना और उन्हें उचित मंच देना भी समाज की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मंच संचालन एडवोकेट मोहम्मद राफे ने किया। उन्होंने प्रभावी अंदाज में कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाए रखा।
समारोह में प्रतियोगिता में विभिन्न स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए दो स्पेशल आर्ट अवार्ड और दो सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। आयोजकों ने कहा कि इन विशेष पुरस्कारों का उद्देश्य प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले अन्य प्रतिभागियों की रचनात्मक प्रतिभा को भी प्रोत्साहित करना है।
अतिथियों ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अभिभावकों और शिक्षकों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, कल्पनाशक्ति और कलात्मक क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
आयोजक संस्थाओं ने कहा कि बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए भविष्य में भी शैक्षिक, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन जारी रखा जाएगा। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




Post Comment